बीकानेर जिले के खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में कम वर्षा और इंदिरा गांधी नहर से पर्याप्त सिंचाई पानी नहीं मिलने के कारण फसलें खराब होने की स्थिति में हैं. विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए इस संबध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है और फसल खराबे की विशेष गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है.
विधायक मेघवाल ने मांग की है कि खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में कम बारिश और सिंचाई जल के अभाव से प्रभावित फसलों का विशेष सर्वे करवाया जाए. किसानों का कहना है कि पानी की कमी के चलते खरीफ फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच गई हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. साथ ही विशेष गिरदावरी के जरिए फसल खराबे का आकलन करवाकर प्रभावित किसानों को राज्य सरकार के नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध करवाया जाए. इससे क्षेत्र के हजारों किसान परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है.

