श्रीगंगानगर में वर्तमान भाजपा विधायक और विभागीय अधिकारियों के बीच हुई मारपीट की घटना ने पूरे जिले में हलचल मचा दी है. इस मामले पर कुलदीप इंदौरा ने कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया.
सांसद इंदौरा ने कहा कि- “यह घटना न केवल जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सरकारी तंत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों के प्रति जवाबदेही पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है. तथाकथित डबल इंजन सरकार के राज में अगर जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना ही नहीं की जा सकती.”
इंदौरा ने शहर में L&T Construction और RUIDP द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी तीखी आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया – “इन दोनों एजेंसियों द्वारा कराए जा रहे कार्यों में भारी देरी और घटिया गुणवत्ता के चलते आम जनता गंभीर परेशानियों का सामना कर रही है. जिला प्रशासन और नगर परिषद को कई बार बैठकों में अवगत कराने के बावजूद न तो कोई संतोषजनक जवाब मिला और न ही समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई की गई.”
सांसद इंदौरा ने इस पूरे मामले को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना चाहिए. घटना के बाद जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है, वहीं नागरिकों में बढ़ती अव्यवस्थाओं को लेकर रोष भी देखा जा रहा है.
