चार लाइन न्यूज़ डेस्क (तीर्थराज बरसलपुर) – बीकानेर नगर निगम चुनाव के नतीजों के बाद अब महापौर की कवायद तेज हो गई है. कल 16 सितंबर को मेयर पद के लिए हुए 4 नामांकन में जांच के बाद एक पर्चा खारिज कर दिया गया है. इस दौरान नवरत्न डागा का पर्चा खारिज हुआ है.
दरअसल, बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस को 42 सीटों पर मिली जीत के बाद से महापौर प्रत्याशी को लेकर खासी खींचतान देखने को मिली थी. इस दौरान वार्ड 50 से पहली बार प्रत्याशी बने नवरत्न डागा ने कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी अनिल कल्ला के सामने नामांकन भरकर सुर्खियां बटोरी थी. डागा ने इस दौरान एक पर्चा कांग्रेस प्रत्याशी और दूसरा निर्दलीय के तौर पर भरा था. अब पार्टी की ओर से अनिल कल्ला को सिंबल दिए जाने के बाद डागा का कांग्रेस प्रत्याशी का पर्चा खारिज हो गया. अब नामांकन पत्रों की जांच के बाद भाजपा के सुरेन्द्र सिंह शेखावत, कांग्रेस के अनिल कल्ला और निर्दलीय के रूप में नवरत्न डागा का नामांकन शेष रहे हैं. कल नामांकन वापसी की तारीख के बाद ही असली मुकाबले की तस्वीर साफ होगी.
