प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कल 4 जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा में आयोजित होने वाले राजस्थान रिफाइनरी परियोजना एवं विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्विनियोजन किया है. राजस्थान सरकार के मंत्रिमण्डल सचिवालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार को सिरोही जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है. वे सिरोही जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे तथा कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेंगे.
सरकार द्वारा जारी निर्देशों में संबंधित जिला प्रशासन को श्री सुथार से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम के सफल आयोजन की सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान रिफाइनरी परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण का यह कार्यक्रम राज्य के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसे सभी जिला मुख्यालयों से वर्चुअल माध्यम से भी जोड़ा जाएगा.

