बीकानेर जिला कलेक्टर निशांत जैन के निर्देशानुसार जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने रविवार को ग्राम रायसर का दौरा कर प्रस्तावित पर्यटन विकास कार्यों का मौका निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) के अनुसार चिन्हित स्थलों का अवलोकन किया और कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने सनसेट व्यू प्वाइंट, मॉडल तालाब, सड़क निर्माण, सोलर लाइट, रोड़, हाई मास्क लाइट, सीसीटीवी कैमरा, शौचालय, वाटर स्टेशन तथा बस स्टॉप जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
उन्होंने कहा कि ग्राम रायसर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई.
इस अवसर पर विकास अधिकारी, पंचायत समिति बीकानेर को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं. साथ ही, स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से समन्वय बनाकर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया.
निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी साजिया तबस्सुम, सहायक अभियंता मुकेश आहुजा, कनिष्ठ तकनीकी सहायक रामनिवास बिश्नोई एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे.
