बीकानेर में सार्वजनिक भवनों के किराए में की गई बेतहाशा वृद्धि पर कांग्रेस नेता राहुल जादुसंगत ने कड़ा विरोध जताते हुए जिला प्रशासन एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) से बढ़े हुए किराए को तत्काल वापस लेने की मांग की है. राहुल जादुसंगत ने कहा कि टाउन हॉल का किराया ₹12 हजार, रविंद्र रंगमंच का ₹50 हजार और अंबेडकर भवन का ₹45 हजार किया जाना आमजन के साथ अन्याय है. इन सार्वजनिक भवनों का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जनहित के कार्यक्रमों के लिए किया जाता है. किराए में इतनी बड़ी वृद्धि से आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और छोटे आयोजकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.
उन्होंने कहा कि किराए में बेतहाशा वृद्धि के कारण टाउन हॉल में होने वाले नाटक, संगीत, साहित्यिक गोष्ठियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं. अधिकांश सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएं व्यावसायिक उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित नहीं करतीं, बल्कि समाज के सहयोग से आयोजन करती हैं. ऐसे में इतना अधिक किराया देना उनके लिए संभव नहीं है.
राहुल जादुसंगत ने कहा कि बीकानेर वर्षों से रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियों की मजबूत परंपरा के लिए जाना जाता है, लेकिन बढ़े हुए किराए के कारण कई नाट्य प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आर्थिक कारणों से रुक रहे हैं. सार्वजनिक भवनों को आमजन की सुविधा के लिए बनाया गया है, न कि उन्हें इतना महंगा कर दिया जाए कि आम नागरिक और सामाजिक संस्थाएं उनका उपयोग ही न कर सकें. उन्होंने जिला प्रशासन एवं BDA प्रशासन से मांग की कि किराए में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए और सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के कार्यक्रमों के लिए उचित एवं किफायती दरें निर्धारित की जाएं, ताकि बीकानेर की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके.

