नगर निकाय चुनावों में भाजपा बीकानेर देहात ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लूणकरणसर, नापासर, श्रीडूंगरगढ़ एवं खाजूवाला नगरपालिकाओं में भाजपा का परचम लहराया है. चुनाव परिणामों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल है.
भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने इस जीत पर सभी मतदाताओं, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के विकास कार्यों तथा जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है. केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, विधायक ताराचंद सारस्वत एवं विधायक विश्वनाथ मेघवाल के मार्गदर्शन और सतत प्रयासों के साथ संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगातार दौरे कर जनता के बीच भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है.
श्याम पंचारिया ने कहा कि यह जीत भाजपा पर आमजन के अटूट भरोसे, जनप्रतिनिधियों के प्रति विश्वास तथा कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है. उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास और जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति देगी. जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि चुनाव परिणामों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की तथा सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
