बीकानेर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर अलग-अलग जिलों से कुल 40 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह पांच अलग-अलग प्रकरणों में फरार चल रहा था. बीकानेर के साथ श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फलोदी पुलिस को भी आरोपी की तलाश थी. पुलिस लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी, लेकिन वह कई बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा.
जानकारी के अनुसार, आरोपी नेपाल, गुजरात, नागौर, नोखा और जोधपुर सहित अलग-अलग स्थानों पर फरारी काटता रहा. वह कथित तौर पर नाम बदलकर स्कॉर्पियो गाड़ी में ही रहकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था. बीकानेर पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई में एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, सीओ सिटी अनुज डाल, डीएसटी प्रभारी सुरेंद्र पचार, एसआई गौरव बोहरा और डीएसटी टीम की अहम भूमिका रही. आरोपी को पकड़ने में एएसआई दीपक यादव की मुख्य भूमिका बताई गई है. फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
