चार लाइन न्यूज़ डेस्क (तीर्थराज बरसलपुर) – राज्य निर्वाचन आयोग कल दोपहर 3 बजे पंचायतीराज चुनावों के कार्यक्रम का ऐलान करेगा.चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू होने की उम्मीद है. प्रदेश में बड़े पैमाने पर होने वाले पंचायतीराज चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हैं. मौजूदा तैयारी के मुताबिक चार चरणों में मतदान कराए जाने की संभावना है.
प्रदेश की 14 हजार 403 ग्राम पंचायतों, 457 पंचायत समितियों और 41 जिला परिषदों में चुनाव होने हैं. इन चुनावों में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए मतदान होगा. पंचायतीराज चुनाव का पैमाना काफी बड़ा है. कुल मिलाकर 1 लाख 54 हजार 640 पदों पर चुनाव होने हैं, जिनमें 1,403 जिला परिषद सदस्य, 8,245 पंचायत समिति सदस्य, 14,403 सरपंच और 1 लाख 30 हजार 589 वार्ड पंच के पद शामिल हैं.
बड़े चुनावी पैमाने को देखते हुए आयोग की ओर से चार चरणों में मतदान कराने की तैयारी बताई जा रही है. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पहले चरणों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव तथा इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान कराया जा सकता है. हालांकि अंतिम चरण और तारीखों की पुष्टि कल राज्य निर्वाचन आयोग के आधिकारिक कार्यक्रम से होगी.
चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही ग्रामीण राजस्थान में चुनावी सरगर्मियां और तेज हो जाएंगी. उम्मीदवारों के नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया का रोडमैप भी आयोग की ओर से कल साफ हो जाएगा. यानी राजस्थान के गांवों की सरकार चुनने का इंतजार अब खत्म होने वाला है… कल दोपहर 3 बजे राज्य निर्वाचन आयोग चुनावी कार्यक्रम जारी करेगा और इसी के साथ पंचायतीराज चुनाव का औपचारिक बिगुल बज जाएगा.
